बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस, होगा ६ दोषियों का फैसला!

बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस, होगा ६ दोषियों का फैसला!

मुंबई, होली के त्योहार में अभी करीब साढ़े तीन महीने बाकी हैं लेकिन अपनी विशिष्ट लट्ठमार होली के लिए देश और दुनियाभर में लोकप्रिय यूपी के मथुरा स्थित बरसाना क्षेत्र इन दिनों एक ट्रिपल मर्डर के पुराने मामले के कारण सुर्खियों में आ गया है। जिसमें तीन सगे भाइयों को मौत के घाट उतार दिया गया था। अब उक्त मामले में अदालत ने ६ आरोपियों को दोषी करार दिया है और आज उक्त दोषियों की सजा के बारे में अदालत में सुनवाई होगी, जिसके बाद अदालत अपना फैसला सुना सकती है।
रंग और हुड़दंग के त्योहार होली पर चटपटी शरारतें आम मानी जाती हैं लेकिन कई बार कुछ लोगों की शरारतें बड़े विवादों की वजह बन जाती हैं। १३ साल पहले होली के मौके पर बरसाना के गांव मेहराना में कुछ ऐसा ही विवाद हुआ था, जो कि तीन सगे भाइयों के कत्ल का कारण बन गया था।
बात वर्ष २००८ की है। बरसाना थाना क्षेत्र के मेहराना गांव में होली खेलने के दौरान दो पड़ोसी परिवारों में विवाद हो गया। विवाद महिलाओं को रंग लगाने के विरोध पर हुआ था। बात बढ़ी तो एक समूह ने दूसरे समूह के तीन सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। २२ मार्च २००८ को होली की दुल्हैड़ी पर घटी इस घटना में मारे गए मृतकों की पहचान राजेंद्र, रघुवीर व डालचंद के रूप में हुई थी। मृतकों के पिता तेजसिंह ने इस मामले में सतीश, चंदन, विजेंदर, प्रताप, संता, सुखदेव, टीकाराम व राजकुमारी नामक महिला सहित ८ पड़ोसियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया।


लोगसत्ता न्यूज
Anilkumar Upadhyay

Most Popular News of this Week