3 दिन की राहत के बाद मायानगरी लौटी आफत वाली बारिश

3 दिन की राहत के बाद मायानगरी लौटी आफत वाली बारिश

मुंबई: तीन दिन के विराम के बाद मुंबई और उसके उपनगरों में बुधवार को तड़के बारिश फिर शुरू हो गई। भारी बारिश की वजह से सुबह-सुबह ही मायानगरी की रफ्तार थमती दिखी और सड़कों पर काफी दूर तक जाम लगा रहा। कई जगहों पर बारिश की वजह से जलभराव की भी सूचना है। मुंबई में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कहीं काफी तेज तो कहीं धीमी बारिश हो रही है। एक बार फिर से सड़कों पर पानी भर आया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शहर और उसके उपनगरों में मध्यम बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक उपनगरीय ट्रेन सेवाओं के साथ ही बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति और परिवहन (बेस्ट) बसें सुचारू रूप से चल रही हैं। हालांकि, मुंबई के परेल इलाके में भारी जलजमाव देखा गया।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि मुंबई, उसके पश्चिमी उपनगरों और पूर्वी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में क्रमश: 28.55 मिलीमीटर, 19 मिमी. और 17.52 मिमी. बारिश हुई। एक अधिकारी ने बताया शहर और उपनगरों में सुबह से लगातार बारिश होने के बावजूद किसी भी निचले इलाके से भारी जलभराव की कोई खबर नहीं है। हालांकि, जो सोशल मीडिया पर तस्वीरें आई हैं, उनमें जलभराव देखा जा सकता है।


लोगसत्ता न्यूज
Anilkumar Upadhyay

Most Popular News of this Week